राजकीय काॅलेज के 54वां दीक्षांत समारोह में छात्रा को डिग्री देते हुए सीआरएसयू कुलपति डॉ. रणपाल
जींद। राजकीय महाविद्यालय का 54वां दीक्षांत समारोह शुक्रवार को प्राचार्य डाॅ. सत्यवान मलिक की अध्यक्षता में धूमधाम से मनाया गया। दीक्षांत समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर सीआरएसयू कुलपति डॉ. रणपाल सिंह ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर पदमश्री से सम्मानित हरियाणा कला परिषद के एडिशनल डायरेक्टर महावीर गुड्डू, सिविल अस्पताल से डिप्टी सीएमओ डाॅ. रमेश पांचाल व सीआरएसयू परीक्षा नियंत्रक डाॅ. निहाल सिंह ने शिरकत की। कार्यक्रम के मुख्यातिथि डॉ. रणपाल सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति को हरियाणा में दो युनिवर्सिटी ने लागू किया है, इसमें सीआरएसयू भी शामिल है।
डॉ. रणपाल सिंह ने कहा कि एक सत्र के दौरान नई शिक्षा नीति को सफलतापूर्वक कार्यांवित किया जा चुका है। वहीं प्राचार्य डाॅ. सत्यवान मलिक ने कहा कि कॉलेज में बहुत ही होनहार और मेहनती छात्र हैं। 800 से ज्यादा छात्र प्रति वर्ष डिग्रियां प्राप्त करते हैं। समारोह की शुरुआत में मुख्यातिथि ने कॉलेज के विद्यार्थी कपिल, रमन, पिंकी, मोनिका, रितु और मौसम को गोल्ड मेडल पहना कर सम्मानित किया। दीक्षांत समारोह में कॉलेज के कला, वाणिज्य और विज्ञान स्नातक और स्नातकोत्तर छात्र, छात्राओं को डिग्री प्रदान की गई। पीजी के छात्र एवं छात्राओं ने पीले रंग के अंग वस्त्र और यूजी कक्षा के छात्र, छात्राओं ने नीले रंग के अंग वस्त्र को धारण किया। विशिष्ट अतिथि महावीर गुड्डू ने कहा कि आज वह जो कुछ भी है, उसमें ज्यादा योगदान राजकीय कॉलेज का रहा है। सीआरएसयू के परीक्षा नियंत्रक डाॅ. निहाल सिंह ने कहा कि परीक्षा विभाग ने पूरी कोशिश की है कि छात्रों को ज्यादा से ज्यादा डिग्रियां मिलें और उन्हें किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। डिप्टी सीएमओ डाॅ. रमेश पांचाल ने कहा कि कॉलेज के दीक्षांत समारोह में शामिल होकर उन्हें छात्र जीवन का स्मरण हुआ और उन्हें इस बात पर गर्व है कि उन्होंने भी इसी कॉलेज से डिग्री ली है। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम के संयोजक राजकीय कॉलेज रजिस्ट्रार डाॅ. विशाल ने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की और सभी शिक्षण और गैर शिक्षण स्टाफ, सदस्यों व विद्यार्थियों का आभार प्रकट किया।
राजकीय काॅलेज के 54वां दीक्षांत समारोह में छात्रा को डिग्री देते हुए सीआरएसयू कुलपति डॉ. रणपाल