जींद। एचएसवीपी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की सजगता व जागरूकता से सेक्टर 7-8 की प्रमुख एंट्री सड़क की ड्राइंग अनुरूप ही बनेगी। मंगलवार को विभाग से कार्यकारी अभियंता ने मौके पर पहुंचकर मुआयना कर ठेकेदार को एक तरफ सात मीटर सड़क बनाने के निर्देश दिए हैं और बाकी सात मीटर बनाने के लिए जल्द बिजली के पोल एवं अन्य बाधाएं दूर करने के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ उन्होंने सेक्टर 6, 7, 8, 9 की परिफरल सड़क के निर्माण के भी निर्देश दिए। इसी विषय को लेकर सेक्टर आठ वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान अमन सिवाच व कुछ अन्य लोग पंचकूला स्थित एचएसवीपी कार्यालय में अधीक्षक अभियंता राजीव शर्मा से मिले थे और वहां उन्होंने विस्तार से अपनी बात रखी थी, जिस पर राजीव शर्मा ने तत्काल एक्सईएन को यह मौका देखने के निर्देश दिए थे। अमन सिवाच ने बताया कि लंबे समय से जींद की सामाजिक संस्थाओं और सेक्टर की रेजिडेंट एसोसिएशन इन सड़कों के निर्माण की मांग कर रही थी, जिसके लिए धरने-प्रदर्शन भी किए गए थे।