सफीदों। गांव सिवाना माल सुंदर ब्रांच नहर पटरी पर दादी के साथ लकड़ी बीनने गई एक 17 वर्षीय युवती नहर में बह गई। घटना की सूचना पाकर ग्रामीण तथा सदर थाना सफीदों पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को नहर में तलाशने के लिए अभियान चलाया, लेकिन फिलहाल युवती का कोई पता नहीं चला।
गांव सिवाना माल निवासी 17 वर्षीय कोमल अपनी दादी के साथ गांव के निकट से गुजरने वाली सुंदर ब्रांच नहर पर लकड़ी बीनने गई हुई थी। कोमल जब नहर के किनारे पर पांव धो रही थी, उसी दौरान कोमल का पांव फिसल गया और वह नहर में बह गई। कोमल की दादी द्वारा शोर मचाए जाने पर आसपास काम कर रहे किसान मौके पर पहुंचे और कोमल को तलाशने के प्रयास किए। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई। बाद में पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से सुंदर ब्रांच नहर में तलाशी अभियान चलाया। सरफाबाद चौकी प्रभारी दिलबाग ने बताया नहर में तलाशी अभियान चलाया हुआ है। पाव धोते समय लड़की का पांव फिसल गया था और वह नहर में बह गई। फिलहाल उसके बारे में कोई सुराग नहीं लगा।