जींद। एलआईसी के पास हुडा ग्राउंड से काबू की गई एंटी करप्शन ह्यूमन राइट्स डिप्टी डायरेक्टर गवर्नमेंट ऑफ हरियाणा की प्लेट और झंडी लगी कार मामले में युवकों को झंडी मुहैया करवाने के आरोपी को काबू किया है। आरोपी की पहचान पानीपत जिला के सेक्टर-17 निवासी साहिल खुराना के तौर पर हुई है। पुलिस ने सोमवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि युवकों को झंडी उसी ने मुहैया करवाई थी और उसके बदले 400 रुपये लिए थे।
सिविल लाइन थाना पुलिस को तीन मार्च देर शाम सूचना मिली थी कि एलआईसी के पास हुडा ग्राउंड में एक गाड़ी खड़ी है, जिस पर एंटी करप्शन ह्यूमन राइट्स डिप्टी डायरेक्टर की प्लेट तथा झंडी भी लगी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गाड़ी में सवार तीन युवकों को काबू कर गाड़ी को कब्जे में ले लिया। पूछताछ में युवक गाड़ी के आगे लगी प्लेट तथा झंडे के बारे में गाड़ी सवार कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, पुलिस पूछताछ में पकड़े गए युवकों की पहचान गांव बुड्ढा खेड़ा निवासी दिनेश कुमार गांव खटकड़ निवासी अनिल तथा लवली के रूप में हुई थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया था। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी कर फर्जी तरीके से गुमराह करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने जांच बढ़ाते हुए पानीपत से आरोपी वेदप्रकाश को काबू किया था, जो कि दो दिन के रिमांड पर चल रहा है। एएसआई ने बताया कि पुलिस ने पांचवें आरोपी पानीपत जिला के सेक्टर-17 निवासी साहिल खुराना को काबू किया है, जिन्होंने झंडी मुहैया करवाई थी और उसके बदले 400 रुपये भी लिए थे। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान उससे पूछताछ की जाएगी।