संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। शहर में सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंशों से हादसे का कारण बन रहे हैं। शनिवार की शाम सफीदों रोड पर आपस में लड़ रहे दो गोवंशों ने एक अधिवक्ता की गाड़ी का शीशा तोड़ दिया। अधिवक्ता ने खुद भागकर जान बचाई। गोवंशों के कारण कुछ की मौत हो चुकी है तो कई घायल हो चुके हैं।
अमरहेड़ी गांव के निवासी वकील अर्जुन सिंह ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार की शाम सफीदों रोड पर दवाई लेने गए थे। इसी दौरान सड़क पर दो गोवंश आपस में भिड़ गए। यह देख आसपास मौजूद लोगों व दुकानदारों ने भाग कर अपनी जान बचाई। आपस में लड़ रहे गोवंशों ने उनकी गाड़ी में टक्कर मारकर शीशा तोड़ दिया। उन्होंने खुद भागकर जान बचाई। कहा कि शहर में गोशालाएं हैं। इसके बाद भी गोवंश सड़क पर घूम रहे हैं। ऐसे में गोशालाओं पर कार्रवाई कर उन्हें मुआवजा दिलवाया जाए। सड़कों पर घूम रहे बेसहारा गोवंशों को पकड़ कर गोशालाओं में भिजवाया जाए ताकि फिर कोई हादसा न हो।
उल्लेखनीय है कि शहर में दिन हो या रात, हर वक्त सड़कों पर झुंड में बेसहारा गोवंश घूमते हैं। ये गोवंश कभी भी किसी के ऊपर हमला कर देते हैं या दो गोवंशों के लड़ने पर राहगीर जद में आकर घायल हो जाते हैं। इन गोवंशों के चलते आए दिन हादसे होते हैं। इसकी शिकायत के बाद भी प्रशासन कोई ध्यान नहीं देता है।
बाक्स
नगर परिषद ने दिया पकड़ने का ठेका, फिर भी घूम रहे गोवंश
नगर परिषद ने शहर में गोवंशों को पकड़ने का ठेका दिया है। प्रति गोवंश को पकड़ने पर 486 रुपये दिया जाता है। ठेकेदार ने गोवंशों को गोशालाओं में पहुंचाया, लेकिन कुछ ही समय बाद फिर से ये गोवंश सड़कों पर आ गए। इन लावारिस गोवंशों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।