जुलाना । कस्बे के वार्ड 3 निवासी युवक का शव हिमाचल प्रदेश में स्थित पार्वती नदी में मिला है। जुलाना निवासी 32 वर्षीय त्रिलोकी चंडीगढ़ में अपनी बहन के घर कोथली देने के लिए 29 जुलाई को गया था। अपनी बहन के घर कोथली देकर त्रिलोकी हिमाचल में घूमने के लिए चला गया। 30 जुलाई को वह हिमाचल के मनीकर्ण में श्रीराम भवन धर्मशाला में कमरा लेकर ठहरा और 31 जुलाई को घूमने के लिए चला गया। 31 जुलाई के बाद वह लापता हो गया था।
युवक के लापता होने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। पुलिस ने मंगलवार को परिजनों को सूचना दी कि हिमाचल की पार्वती नदी में एक युवक का शव मिला है। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान हुई। मृतक के चाचा सुशील ने बताया कि त्रिलोकी घूमने के लिए हिमाचल गया था। लापता होने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने सूचना दी कि हिमाचल की पार्वती नदी में एक शव मिला है। परिजनों को आशंका है कि त्रिलोकी की बादल फटने से डूबने से मौत हुई है। सुशील ने बताया कि त्रिलोकी की चार साल पहले शादी हुई थी। त्रिलोकी को एक डेढ़ साल की लड़की है।