जींद। ई नेम पोर्टल प्रणाली के विरोध में आढ़तियों ने अनाज मंडी में अनिश्चितकालीन हड़ताल के छठे दिन मांगों को लेकर मार्केट कमेटी कार्यालय का घेराव सत्यनारायण जैन की अध्यक्षता में किया। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होती वह अनिश्चितकालीन धरना जारी रखेंगे और धान खरीद का कार्य पूर्ण रूप से बंद रहेगा। अनाज मंडी के आढ़ती, मुनीम व मजदूर द न्यू फूड ग्रेन डीलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में ई नेम पोर्टल प्रणाली को हटाने, आढ़त बचाने व मार्केट फीस घटाने की मांगों को लेकर शेड के नीचे एकत्रित हुए। जिसके बाद आढ़ती, मुनीम व मजदूर प्रदर्शन करते हुए मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। इस दौरान सत्यनारायण जैन ने कहा कि आढ़तियों के हाथ से कारोबार छीना जा रहा है और अब यह व्यापार उनकी जगह बड़े उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। इसे वह कतई सहन नहीं करेंगे और जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती वह अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखेंगे। एसोसिएशन के पूर्व प्रधान कृष्ण गर्ग ने आढ़तियों को कहा कि ई नेम पोर्टल प्रणाली आढ़तियों के लिए घातक है और इससे उनके कारोबार चौपट होकर रह जाएंगे। इस अवसर पर पूर्व प्रधान सुशील सिहाग, सत्यवान उर्फ सत्तू रेढू, वेदप्रकाश गोयल, राजकुमार रेढू, राजेश गोस्वामी आदि मौजूद रहे।