जुलाना। करेला-झमोला गांव के राजकीय उच्च विद्यालय में कार्यरत टीजीटी अध्यापक शिवकुमार शर्मा राज्य शिक्षक अवाॅर्ड से सम्मानित होंगे। शिवकुमार के पिता सदानंद शर्मा भी शिक्षक रहे हैं। माता संतोष देवी भी शिक्षिका के पद से सेवानिवृत हुईं हैं। शिवकुमार की पत्नी मंजू भी शिक्षिका हैं, जोकि मालवी गांव के राजकीय स्कूल में कार्यरत हैं।
शिवकुमार 1999 में जेबीटी शिक्षक के तौर पर नियुक्त हुए थे। 2010 में पदोन्नति होने पर उन्हें मालवी गांव के राजकीय स्कूल में 12 साल सेवाएं दीं। उन्होंने स्काउटिंग के माध्यम से युवाओं को नशे से बचाव के प्रति जागरूक किया। इनके विद्यालय के स्काउट्स ने अनेक राष्ट्रस्तरीय कार्यक्रमों में भाग लिया व छात्र उनसे लाभान्वित हुए।
इससे पहले भी राज्यपाल एवं सीएम द्वारा इन्हें मेडल ऑफ मेरिट से सम्मानित किया जा चुका है। शिवकुमार के पिता सदानंद ने 20 साल पहले राज्य पुरस्कार के लिए आवेदन भेजा था, लेकिन उस समय उन्हें अवाॅर्ड नहीं मिला। अब उनके बेटे ने यह सपना पूरा किया है। मालवी गांव में उन्होंने ग्रामीणों के सहयोग से गांव के स्कूल के मुख्य द्वार का निर्माण करवाया। स्कूल की सभी दीवारों पर शहीदों के चित्र छपवाए। गांव में घर-घर जाकर छात्रों को सरकारी स्कूल में दाखिले के लिए प्रेरित किया।