जींद। जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए परियोजना को सिरे चढ़ाने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए करीब 162 करोड़ रुपये के दो टेंडर लगाए गए हैं।
इसमें एक टेंडर 90.44 करोड़ तो दूसरा 71.98 करोड़ रुपये का लगाया गया है। जनस्वास्थ्य विभाग यह टेंडर नरवाना के पास से गुजर रही भाखड़ा ब्रांच नहर से बड़ौदी गांव तक मुख्य पाइपलाइन डालने और बड़ौदी में बनने वाले 60 एमएलडी की क्षमता के मुख्य जलघर के निर्माण के लिए लगाए हैं।
90.44 करोड़ रुपये के लगाए गए टेंडर से पाइपलाइन डालने के अलावा 60 एमएलडी की क्षमता के जलघर का निर्माण किया जाएगा, जबकि दूसरे 71.98 करोड़ रुपये के टेंडर से शहर में पेयजल की पाइपलाइन बदलने के अलावा 19 बूस्टिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। शहर की आबादी लगभग तीन लाख है।
लोगों को बेहतर पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। अभी ट्यूबवेल से शहर में पानी सप्लाई किया जा रहा है, जो पीने के लायक नहीं है। इसे देखते हुए जनस्वास्थ्य विभाग ने जलघर बनाने का निर्णय लिया है। फिलहाल हांसी ब्रांच नहर के पास ही पानी पीने योग्य बचा है। वहां से पाइपलाइन के माध्यम से शहर के दूसरे हिस्स में पानी सप्लाई किया जा रहा है।
शहर में 19 बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण लोको कॉलोनी, वीटा प्लांट के पास, सुंदरनगर कालोनी, राजकीय आईटीआई, नहर कॉलोनी, कृषि विभाग उप निदेश कार्यालय के पास, एचवीपीएनल पैनल के पास, भिवानी रोड पर पशु अस्पताल के पास, रुपया चौक, काठमंडी में डिस्पोजल के पास, रानी तालाब के पास, जिला कारागार के पास, पुराना बस स्टैंड भवन, लघु सचिवालय में पब्लिक हेल्थ कार्यालय के पीछे की जमीन पर, रोहतक रोड पर बालाजी मंदिर के पास, राजकीय कॉलेज, पुलिस लाइन व नागरिक अस्पताल में किया जाएगा।