06जेएनडी41-चुनाव को शांतिपूर्ण करवाने को लेकर टीमों की बैठक लेते एसडीएम मनीष फोगाट। संवाद
सफीदों। सफीदों के रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम मनीष कुमार फोगाट ने विधानसभा चुनाव को पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए चुनाव प्रक्रिया के मद्देनजर गठित एसएसटी, वीएसटी व एफएसटी तथा अकाउंटिंग, वीवीटी समेत सभी टीम के सदस्यों की शुक्रवार को लघु सचिवालय स्थित कार्यालय में बैठक ली।
उन्होंने कहा कि ये टीम विधानसभा आम चुनाव के दौरान गंभीरता से कार्य करें। एसएसटी टीम सभी नाके एक्टिव करना सुनिश्चित करें और सभी टीम इंचार्ज पुलिस के साथ साइट विजिट करें। विधानसभा चुनाव में सबसे जरूरी है कि अपनी ड्यूटी भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुरूप करें। ड्यूटी में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें और आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन करवाने के लिए क्षेत्र में कड़ी निगरानी करें। रिटर्निंग अधिकारी ने निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया की टीमों से जुड़े सभी अधिकारी विधानसभा आम चुनाव-2024 की चुनावी प्रक्रिया के दौरान पुलिस विभाग की टीमों के साथ बेहतर तालमेल करके अपना कार्य करें। अपने क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखें, ताकि कोई भी व्यक्ति आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन न करे। फ्लाइंग स्क्वाड टीम एप और कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली सूचना तथा शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करे। वहीं स्टेटिक सर्विलेंस टीम निर्धारित नाकों पर वाहनों की चेकिंग करे, ताकि अवैध नकदी, शराब, आभूषण, उपहार आदि मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए उपयोग न हों। गाड़ियों की जांच करते समय उसमें सवार लोगों के साथ शिष्टाचार से बात करते हुए अच्छा व्यवहार करें। वाहनों की जांच के दौरान वीडियोग्राफी जरूर करें। नाकों पर की गई चेकिंग की रिपोर्ट प्रतिदिन जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में भेजनी सुनिश्चित करें। भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन की अवहेलना की शिकायत मिलने पर तुरंत कार्रवाई करें। इस अवसर पर सफीदों के नायब तहसीलदार विकास कुमार, बीडीपीओ नरेश कुमार, चुनाव कानूनगो नरेश कुमार मौजूद रहे।
06जेएनडी41-चुनाव को शांतिपूर्ण करवाने को लेकर टीमों की बैठक लेते एसडीएम मनीष फोगाट। संवाद