जींद। शहर में एटीएम कार्ड बदलकर बैंक खाते से 25 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। बैंक में खाते की स्टेटमेंट निकलवाने पहुंचे व्यक्ति को अज्ञात शातिर ने निशाना बनाया। थाना शहर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लोहचब निवासी राजेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बचत खाता एसबीआई की सफीदों गेट शाखा में है। 16 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह बैंक ऑफ बड़ौदा की स्कीम नंबर छह स्थित शाखा में खाते की स्टेटमेंट निकलवाने गया था। इस दौरान उसके पीछे खड़े अज्ञात व्यक्ति ने चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल लिया। आरोपी ने कार्ड के जरिए उसके खाते से 25 हजार रुपये निकाल लिए। खाते से रुपये निकलने का पता चलने पर उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की पहचान के लिए बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संवाद