जींद। नागरिक अस्पताल में सर्जरी के लिए आने वाले मरीजों के लिए अच्छी खबर है। जिन मरीजों को सर्जरी के लिए 15 दिन से लेकर एक महीने तक का समय मिलता था, अब उनको एक सप्ताह से अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। नागरिक अस्पताल में पहले दो सर्जन थे, जिनकी संख्या अब चार हो जाएगी। सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिंह ने नागरिक अस्पताल में ज्वाइन कर लिया है, जबकि चौथे सर्जन को एनएचएम के तहत जल्द ज्वाइन करवाया जाएगा। इससे नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।
नागरिक अस्पताल में फिलहाल दो सर्जन डॉ. चंद्रमोहन व डॉ. कर्मवीर हैं। इनमें से एक ओपीडी करते हैं जबकि दूसरे सर्जरी। एक चिकित्सक पर ओपीडी का भी ज्यादा दबाव रहता है। अकेले सर्जन की प्रतिदिन ओपीडी 200 से अधिक होती है। ऐसे में जिन लोगों को अपने ऑपरेशन करवाने होते हैं, उनको 15 दिन से लेकर एक महीने से अधिक का इंतजार करना पड़ता है। इससे मरीजों को परेशानी हो रही थी। अब नागरिक अस्पताल में सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिंह ने भी ज्वाइन कर लिया है। वहीं एनएचएम के तहत डॉ. शुभम गर्ग भी अगले सप्ताह ज्वाइन कर लेंगे। ऐसे में नागरिक अस्पताल में चार सर्जन उपलब्ध रहेंगे। इनमें से दो ओपीडी करेंगे तो दो चिकित्सक सर्जरी करेंगे। दो चिकित्सकों के ओपीडी में होने से मरीजों का जल्द नंबर आएगा और एक चिकित्सक पर ओपीडी का दबाव भी नहीं रहेगा। वहीं ऑपरेशन थिएटर में भी दो सर्जन उपलब्ध रहेंगे। ऐसे में अधिक मरीजाें के ऑपरेशन हो सकेंगे। इससे मरीजों के काफी सुविधा रहेगी
फिलहाल नागरिक अस्पताल में दो सर्जन हैं। काम का दबाव ज्यादा रहता है। एक सर्जन डॉ. भूपेंद्र सिंह ने ज्वाइन कर लिया है। वहीं एक सर्जन डॉ. शुभम गर्ग भी अगले सप्ताह एनएचएम के तहत ज्वाइन कर लेंगे। चार सर्जन होने के बाद मरीजों को ओपीडी व ऑपरेशन के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। -डॉ. गोपाल गोयल, सिविल सर्जन।