हरियाणा के जींद जिले के गांव जाजवान के मूल निवासी सुरेंद्र चहल ने साउथ आस्ट्रेलिया में लगातार दूसरी बार लोकल गवर्नमेंट चुनाव में काउंसलर का चुनाव जीता है। विभिन्न देशों से आकर आस्ट्रेलिया में बसे 5796 मतदाताओं ने सुरेंद्र चहल के पक्ष में मतदान किया था।
सुरेंद्र चहल ने गांव जाजवान स्थित सरकारी स्कूल से छात्रवृत्ति के साथ दसवीं कक्षा उत्तीर्ण की। छोटू राम किसान कॉलेज से बीकॉम की शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद राजकीय कॉलेज से एमकॉम किया। सुरेंद्र चहल नौ वर्ष तक एसडी स्कूल में कॉमर्स के लेक्चरर रहे। 2004 में वे कुवैत गए और वहां एक वर्ष कार्य करने के बाद लौट आए।
2007 में वह ऑस्ट्रेलिया चले गए। सामाजिक कार्यों में हमेशा अग्रणी रहने वाले सुरेंद्र चहल ने जाट महासभा साउथ आस्ट्रेलिया के प्रधान तथा हरियाणवी कुनबा साउथ ऑस्ट्रेलिया के संयोजक पद पर रहते हुए अनेक सामाजिक कार्य किए। उन्होंने हरियाणा से आने लोगों का भी विशेष खयाल रखा।
सुरेंद्र चहल भारत की श्री स्वामीनारायण संस्था के साथ भी जुड़े हुए हैं। सुरेंद्र चहल की माता राजपति देवी गृहणी हैं और पिता अजायब सिंह चहल डीसी ऑफिस से सेवानिवृत्त हैं। उनके पिता ने एथलीट प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय एवं स्तर पर 70-75 आयुवर्ग में अनेक पदक जीते हैं। सुरेंद्र चहल पिछले 15 साल से परिवार समेत ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड शहर में रह रहे हैं।