02जेएनडी26: विद्यार्थियों को शिक्षक सम्मान पत्र के बारे में जानकारी देते हुए। स्वयं
जींद। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने पांच सितंबर तक शिक्षकों के सम्मान में पत्र लेखन प्रतियोगिता का आयोजन करवाएगी।
यह प्रतियोगिता पांच सितंबर तक सभी प्राइमरी स्कूलों में करवाई जाएगी। इसमें तीसरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थी पोस्टकार्ड, अंतर्देशीय पत्र या कागज पर लिखकर अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट करेंगे।
इसमें किसी भी शिक्षक के लिए सम्मान पत्र लिखा जा सकता है। इसमें शर्त नहीं है कि शिक्षक केवल उसी स्कूल में पढ़ाने वाला हो। कोई भी ऐसा व्यक्ति हो सकता है, जिसने छात्र के ज्ञान और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो।
इसमें विद्यार्थी का मार्गदर्शक, कोच, माता-पिता, भाई-बहन और अन्य कोई भी व्यक्ति हो सकता है। इस कार्यक्रम में अभिभावक भी शामिल होंगे।
विद्यार्थी अभिभावकों के साथ अपने नजदीकी डाकघर से पोस्टकार्ड, अंतर्देशीय पत्र लिफाफा खरीदेंगे। विद्यार्थी उस पत्र पर अपना संदेश लिखेंगे और अभिभावकों तथा अध्यापकों की सहायता से यह सुनिश्चित करेंगे कि वह लिखित पत्र एक मान्य पते पर डाकघर के माध्यम से पहुंचे।
इसके तहत 30 अगस्त को शिक्षकों ने छात्रों को एक चर्चा में शामिल किया था। इसमें शिक्षक की भूमिका के बारे में बात की गई थी। 31 अगस्त को शिक्षकों ने प्रत्येक कक्षा स्तर के अनुरूप निपुण दिशा निर्देशों के अनुसार एक सैंपल प्रदान किया था।