नरवाना। नई शिक्षा नीति को लेकर स्कूली बच्चों में प्री-वोकेशनल एक्स्पोजर कार्यक्रम चलाया जा रहा है। शिक्षा विभाग में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए एक कौशल मॉड्यूल तैयार किया है, जिसके द्वारा विद्यार्थियों को व्यावसायिक कोर्स करवाए जाएंगे और व्यावसायिक कौशल की शिक्षा दी जाएगी। इससे पहले कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों को व्यावसायिक कौशल की शिक्षा दी जा रही थी। सरकार ने यह निर्णय किया है कक्षा छठी से आठवीं के बच्चों को व्यावसायिक कौशलों की शिक्षा के बारे में परिचित कराया जाए ताकि उनमें उनके प्रति रूझान पैदा हो। इसी कड़ी में राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय बेलरखा में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता सरपंच पृथ्वी सिंह ने की। एसएमसी प्रधान सूबेदार सुखबीर सिंह, सदस्य पंचायत अमित कुमार पूर्व पंचायत सदस्य रामफल सिंह और अभिभावक गण ने भाग लिया। प्राचार्य बलजीत गोयत में नेशनल स्किल क्वालिफिकेशन फ्रेमवर्क कार्यक्रम के अंतर्गत होने वाली गतिविधियों के बारे में बताया। विद्यालय में बैंकिंग और आईटी के विषय इस कार्यक्रम के अंतर्गत शुरू किए गए हैं। दोनों विषयों की शानदार प्रयोगशालाएं विद्यालय में स्थापित है। इस कार्यक्रम के अंतर्गत फील्ड विजिट भी करवाई जाती है। इसमें आईटीआई, उद्योग, बैंक, डायरी आदि की विजिट करवाई जाती है। प्री वोकेशनल एक्स्पोजर कार्यक्रम पिछले कई दिनों से चल रहा है जिसमें घर-घर जाकर अभिभावकों से संपर्क किया जा रहा है। इस संबंध में गांव में जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस अवसर पर वोकेशनल टीचर सुशील बिसला और संदीप बिसला भी मौजूद रहे।