जींद। राजकीय महाविद्यालय में शनिवार को प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता प्राचार्य डॉॅ. सत्यवान मलिक की। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सीडीएलयू सिरसा से डॉ. राकेश, राजकीय महाविद्यालय उगालन के प्राचार्य डॉ. रणवीर सिंह कौशल, राधिका अरोड़ा और हरियाणवी कलाकार एंडी दहिया शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए गायन में मेरा रंग दे बसंती चोला, बोल तेरे मीठे-मीठे, अगर तुम साथ हो, कैसे हुआ तू इतना जरूरी कैसे हुआ, सौ-सौ मुसीबत पड़ै बेटा उम्र जवान जैसे गीतों पर अपनी प्रस्तुति दी। नृत्य प्रतियोगिता में तेरे नैन चमक तलवार चाल नागन सी, सुन साथिया बरसा दे ईशका की सयाही, जीजा तू काला मैं गोरी घनी, मैने गड्ढी तै पंजाब घूमा दे हाणिया, वखरा सवैग जैसे गानों पर प्रस्तुति दी।
प्राचार्य ने कहा कि इच्छाशक्ति, अनुशासन और धैर्य किसी भी चुनौती को पार करने के लिए जरूरी है। विद्यार्थी के शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद के लक्ष्य भेदन के यह तीन आवश्यक तीर हैं। प्रतिभा खोज जैसे कार्यक्रम न केवल मनोरंजन, मस्ती या आराम का साधन हैं, बल्कि यह मस्तिष्क को सक्रिय रखने और मानसिक योग्यता को बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण तरीका भी है। डॉॅ. रणवीर ने कहा कि अकादमिक शिक्षा के साथ मनोरंजक प्रतियोगिताएं, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां छात्रों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाती हैं।
युवा एवं सांस्कृतिक कार्य समिति के संयोजक डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से विद्यार्थियों के बहुमुखी विकास में सहायता मिलती है। इस अवसर पर प्रोफेसर रविशंकर व शिव कुमार भी मौजूद रहे।
नृत्य में गौरव और गायन में आस्था रही प्रथम
नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर गौरव, द्वितीय स्थान पर संपत व तृतीय स्थान पर संजू और अंजू रहे। गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर आस्था, द्वितीय स्थान पर साहिल व तृतीय स्थान पर प्रेरणा और गुरदीप रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच संचालन प्रोफेसर शर्मिला, ज्योति व भूपेंद्र ने किया। निर्णायक की भूमिका रणधीर सिंह, ज्योति श्योराण, सुनील शर्मा, बहादुर सिंह, स्नेह और शिवम ने निभाई।
राजकीय पीजी कॉलेज में आयोजित प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद
राजकीय पीजी कॉलेज में आयोजित प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में प्रस्तुति देते कलाकार। संवाद