08जेएनडी11-सीआरएसयू में पेयजल की मांग को लेकर कुलसचिव से मिलते छात्र। स्रोत संगठन
जींद। किसान छात्र एकता संगठन ने सीआरएसयू में छात्र-छात्राओं के लिए पेयजल की व्यवस्था नहीं होने के विरोध में सोमवार को कुलसचिव कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। किसान छात्र एकता संगठन के प्रदेशाध्यक्ष सुमित लाठर ने बताया कि वे छात्रों को लेकर शुक्रवार को सीआरएसयू में पेयजल सुविधा देने की मांग को लेकर कुलसचिव प्रो. लवलीन मोहन से मिले थे। इस पर कुलसचिव ने उन्हें आश्वासन दिया था कि एक घंटे में पानी की समस्या का समाधान कर दिया जाएगा, लेकिन उसके बाद भी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। इससे विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को पेयजल नहीं मिल रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार को जब विश्वविद्यालय में पेयजल की जांच की गई तो प्रथम फ्लोर पर ही पानी की व्यवस्था थी, जबकि अन्य फ्लोर वाले छात्र-छात्राएं पानी की समस्या के लिए जूझ रहे थे। छात्र-छात्राओं का कहना था कि विश्वविद्यालय में पानी की समस्या 15-20 दिनों से बनी हुई है। विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचना देने के बाद भी इसका समाधान नहीं हुआ है। यदि प्रशासन ने जल्द ही पेयजल समस्या का समाधान नहीं किया तो किसान संगठन बड़ा कदम उठाएगा। इस अवसर पर अभिषेक जुलाना, जतिन, जोगिंद्र, साहिल, कविता, कीर्ति, स्नेहा, मोनिका मौजूद रहीं।
08जेएनडी11-सीआरएसयू में पेयजल की मांग को लेकर कुलसचिव से मिलते छात्र। स्रोत संगठन