सफीदों। राजकीय महाविद्यालय में प्लेसमेंट सेल के सहयोग से सामाजिक विज्ञान के क्षेत्र में कॅरिअर की संभावनाओं पर सोमवार को कार्यशाला आयोजित की गई। प्राचार्या डॉ. सविता पूनिया की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में मुख्य वक्ता वृंदा मलिक ने विद्यार्थियों को रोजगार के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। वृंदा मलिक ने बताया कि सामाजिक विज्ञान के विद्यार्थियों के लिए सामाजिक कार्य, नीति निर्माण, शासन व्यवस्था, अनुसंधान, संचार, विकास और शिक्षा सहित कई क्षेत्रों में कॅरिअर के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचियों, क्षमताओं और कौशल का आकलन कर भविष्य के लिए सही दिशा चुनने की सलाह दी। उन्होंने व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से कौशल विकसित करने और प्रभावशाली व्यावसायिक परिचय तैयार करने के तरीके भी समझाए। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया और कॅरिअर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। मौके डॉ. सरला सहरावत, डॉ. रीनू, मनोज कुमार, ज्योति, कीर्ति और अनिल वत्स मौजूद रहे।