05जेएनडी23: सीआरएसयू में कक्षा में बैंच पर बैठे बंदर। स्रोत : संगठन
जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय परिसर में बढ़ते बंदरों के आतंक और विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर इंडिपेंडेंट यूथ फ्रंट (आईवाईएफ) ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। संगठन के संस्थापक एवं छात्र नेता अमित आदिवाल के नेतृत्व में ज्ञापन कुलपति के ओएसडी डॉ. विजय कुमार को दिया गया। आईवाईएफ के इकाई चेयरमैन विनय बड़गुजर ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। विद्यार्थियों और कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है। बंदरों के कक्षाओं तक पहुंचने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। उन्होंने कहा कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। इकाई अध्यक्ष गौरव मुवाल ने कहा कि विश्वविद्यालय में रोजाना बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं का आवागमन रहता है। प्रशासन से संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर बंदरों को सुरक्षित और मानवीय तरीके से परिसर से हटाने तथा आवश्यक सुरक्षा प्रबंध करने की मांग की। इस अवसर पर राहुल चौहान, साहिल, प्रशांत और मुकुल मौजूद रहे।