13जेएनडी24-मृतक रवि का फाइल फोटो।
जींद। गीता भारती स्कूल अकादमी के हॉस्टल में दसवीं कक्षा के छात्र की चाकू से की गई हत्या के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक की मां मीना की शिकायत पर नाबालिग सहपाठी और विद्या भारती स्कूल स्टाफ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। चिकित्सकों के अनुसार चाकू लगने के बाद खून शरीर के अंदर चला गया, जिसकी वजह से छात्र की मौत हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहर के लगते गांव हैबतपुर स्थित गीता भारती स्कूल में गांव निर्जन निवासी 15 वर्षीय रवि दसवीं कक्षा में पढ़ता था। रवि अकादमी के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। उसके कमरे में पेगां गांव निवासी किशोर भी रहता था। सोमवार देर शाम दसवीं कक्षा के छात्र रवि की गर्दन पर उसके ही सहपाठी ने चाकू से वार कर दिया था। इससे रवि गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।
सेब खाने पर अनजाने में चलाया था चाकू
स्कूल स्टाफ सदस्यों ने बताया कि सोमवार देर शाम रवि और उसका सहपाठी अपने कमरे में थे। इस दौरान रवि का सहपाठी सेब काट रहा था। रवि ने सेब खा लिया था। तभी उसके सहपाठी ने अनजाने में रवि की गर्दन की तरफ चाकू चला दिया। यह चाकू रवि की गर्दन में जा लगा। इससे खून बहने लगा। रवि के शोर मचाने पर स्टॉफ सदस्य मौके पर पहुंचे और उसको तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। चिकित्सकों ने बताया है कि रवि को चाकू लगने के बाद खून उसके शरीर के अंदर चला गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के सहपाठी और विद्या भारती स्कूल स्टॉफ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। -रविंद्र ढांडा, जांच अधिकारी, सिविल लाइन थाना जींद।
13जेएनडी24-मृतक रवि का फाइल फोटो।