नरवाना। कस्बे के धरौदी गांव में श्यामलाल सांगी की जयंती पर तीन गांवों की पंचायत कर्मगढ़, धरौदी व खानपुर की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यातिथि विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा रहे। विधायक रामनिवास ने राजेंद्र बडगुजर द्वारा श्यामलाल सांगी के ऊपर लिखित पुस्तक का विमोचन किया। विधायक ने श्यामलाल सांगी की प्रतिभा धरौदी में प्रतिमा स्थापित कराने की घोषणा की। कहा कि लगभग 91 लाख 63 हजार रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी मिली है। इसमें गांव सुरजाखेड़ा में 51 लाख रुपये से वाल्मीकि चौपाल का निर्माण, गांव कर्मगढ़ में 10 लाख 88 हजार रुपये से जिम हाॅल का निर्माण व कर्मगढ़ में दो गलियों का निर्माण 29 लाख 75 हजार से होगा। विधायक रामनिवास ने कहा कि सभी विकास कार्य इस माह के अंत तक प्रारंभ हो जाएंगे। इस अवसर पर अमरजीत बब्लू एमसी, चेयरमैन राजेंद्र नैन, सरपंच रामफल, सरपंच उमेद, अनिल धरौदी, मंदीप नैन, राजेंद्र बेदी, रुपेंदर मोर, बलिंद्र मलिक मौजूद थे।