जींद। डिफेंस कॉलोनी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक में 17 से 19 फरवरी तक राज्यस्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता होगी। इसके लिए मुख्यालय से 8.52 लाख रुपये का बजट मिल चुका है। स्पर्धा के दौरान म्यूजिक फॉक सोलो, डांस फॉक सोलो, विजुअल आर्ट टू डी पेंटिंग प्रतियोगिता करवाई जाएंगी।
प्रतियोगिता के आयोजन के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। इसमें एफएलएन जिला को-ऑर्डिनेटर राजेश वशिष्ठ, झांझ कलां के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की पीजीटी सुरक्षा, बेलरखां से विजय, जीपीएस दिल्लूवाला से जेबीटी रविंद्र हुड्डा व अनूपगढ़ राजकीय मिडिल स्कूल से सोनिया शर्मा को शामिल किया गया है। तीन दिवसीय कार्यक्रम में विद्यार्थियों के खाने-पीने व रहने की व्यवस्था के लिए एक लाख रुपये का बजट रखा गया है।
साउंड, फोटोग्राफी, विडियोग्राफी, कुर्सी-मेज व मेट की व्यवस्था भी की जाएगी। इसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारना है, ताकि वह पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में आगे बढ़ सकें। प्रतिभा खोज के माध्यम से विद्यार्थियों के अंदर छिपी गायन, नृत्य, अभिनय की प्रतिभा में निखार लाना व स्टेज पर बोलने का डर दूर करना जैसी गतिविधियां भी शामिल हैं।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम में 500 विद्यार्थी लेंगे भाग
राज्यस्तरीय प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों के अंदर छिपी प्रतिभा को निखारना है। कार्यक्रम को लेकर तैयारी चल रही है। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के 500 विद्यार्थी भाग लेंगे। इसमें होने वाली हर गतिविधि में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। उनको प्रमाणपत्र देकर आगामी प्रतियोगिता के लिए चयनित किया जाएगा। -विजय लक्ष्मी जिला शिक्षा अधिकारी जींद।
04जेएनडी11: विजय लक्ष्मी।