19जेएनडी44: कार्यकर्ताओं से मिलते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्णा कुमार बेदी। संवाद
नरवाना । कैबिनेट मंत्री बनने के बाद शनिवार को नरवाना पहुंचे कृष्ण बेदी ने कहा कि नरवाना के साथ जींद जिले की सभी समस्याओं का समाधान विशेष पैकेज से करवाया जाएगा। जींद जिले में चार विधायक भाजपा के बने हैं, लेकिन पूरे जिले में समान रूप से विकास करवाया जाएगा। सभी विधायकों से बातचीत करके जो समस्याएं होंगी, उनको दूर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नरवाना जैसी मरू भूमि में पहली बार कमल खिलाकर जनता ने इतिहास रचा है। इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार किसान, युवा तथा गरीब कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता मानकर काम करेगी। युवाओं को सरकार की पारदर्शी नीति की बदौलत बिना पर्ची, बिना खर्ची मेरिट के आधार पर नौकरी मिली है। नरवाना विधानसभा क्षेत्र के जिन युवाओं को नौकरी मिली है, उनके अभिभावकों से वह रविवार को रेस्ट हाउस में मिलकर मिठाई खिलाकर बधाई देंगे। बाद में मंत्री कृष्ण बेदी ने आस्था की प्रतिमूर्ति बाबा गैबी साहिब के मंदिर तथा सर्वजातीय बिनैण खाप के दनौदा कलां स्थित चबूतरे पर दादा रामेश्वर तीर्थ पर जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष तेजेंद्र ढुल, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र पहल, पूर्व विधायक पिरथी सिंह नंबरदार मौजूद रहे।
19जेएनडी44: कार्यकर्ताओं से मिलते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्णा कुमार बेदी। संवाद