28जेएनडी10: जिला जेल में भाईयों से मिलने के लिए आई बहनें। संवाद
जींद। जिला जेल जींद में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व भावनात्मक माहौल में मनाया गया। जेल प्रशासन के सहयोग से बंदी भाइयों की कलाई पर उनकी बहनों ने राखी बांधी और एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जेल परिसर में भाई-बहन के स्नेह और अपनत्व की झलक देखने को मिली। जेल अधीक्षक दीपक शर्मा ने बताया कि महानिदेशक कारागार, हरियाणा के आदेशानुसार जिला जेल में बंद पुरुष बंदियों को उनकी बहनों और महिला बंदियों को बाहर से आए उनके भाइयों द्वारा राखी बांधने की व्यवस्था की गई। जेल विभाग की ओर से राखियों, रक्षासूत्र और लड्डू-मिठाई का भी प्रबंध किया गया, ताकि बंदी भी अपने परिवार के साथ पर्व की खुशियां साझा कर सकें। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। इस अवसर पर बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधते हुए उनके अच्छे भविष्य, लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहनों की हर परिस्थिति में रक्षा करने का संकल्प दोहराया। जेल प्रशासन का कहना है कि ऐसे पारिवारिक और सामाजिक आयोजनों से बंदियों को अपने परिजनों से जुड़ाव महसूस होता है। परिवार से दूरी के कारण पैदा होने वाली निराशा, तनाव और कुंठा को कम करने में भी इस तरह के आयोजन सहायक हैं। जेल प्रशासन का उद्देश्य बंदियों में सकारात्मक सोच विकसित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस अवसर पर विनोद समेत जेल प्रशासन ने बहनों का सहयोग किया।