संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए बागवानी विभाग बाग व इसमें उपयोग होने वाले यंत्रों पर अनुदान राशि देकर किसानों को प्रोत्साहित कर रहा है। बागवानी विभाग किसानों की फसल में समय से सिंचाई करने के लिए एकल टैंक के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। जिले में साढ़े 62 एकड़ बागवानी की फसल में सिंचाई के लिए अनुदान दिया जा रहा है ताकि किसान समय पर सब्जी व बाग की खेती में सिंचाई कर सकें।
बागवानी विभाग ने इसके लिए किसानों से होर्टनेट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं, ताकि बागवानी की फसलों में समय पर सिंचाई कर ज्यादा उत्पादन का लाभ लिया जा सके। एकल टैंक में किसान एक एकड़ से साढ़े 12 एकड़ तक के लिए आवेदन कर सकता है। इसमें किसान को एक एकड़ के टैंक पर लगभग 44 हजार रुपये की अनुदान राशि मिलती है। इसमें किसान को कुल खर्च का 70 प्रतिशत खर्च बागवानी विभाग की तरफ से दिया जाता है। एक एकड़ के टैंक में पानी स्टोरेज करने की क्षमता लगभग 50 हजार लीटर की होती है। इसके अलावा किसान इस योजना का लाभ एक यूनिट तक ले सकता है। एक यूनिट टैंक में किसान को साढ़े 12 एकड़ की फसल के लिए पानी स्टोरेज करने की क्षमता का टैंक बनाना होता है।
इसमें किसान को लगभग सात लाख रुपये की अनुदान राशि बागवानी विभाग द्वारा दी जाती है। इस टैंक के माध्यम से किसान टपका विधि से सिंचाई कर सकता है। इस विधि से फसल में ज्यादा पानी खर्च नहीं होता। यह केवल आवश्यकतानुसार ही फसल के लिए सिंचाई का सर्वोत्तम उपाय। इसमें किसान टपका व फव्वारा विधि के माध्यम से सिंचाई करता है तो इसके लिए मिलने वाले यंत्रों पर भी बागवानी विभाग किसान को अलग से अनुदान राशि देती है। इस विधि से सिंचाई करने से जल संरक्षण भी होता है। आवश्यकतानुसार सिंचाई होने से फसल का उत्पादन भी बढ़ता है।
बाक्स
किसान करें एकल टैंक के लिए आवेदन, मिलेगा 70 प्रतिशत अनुदान
बागवानी विभाग की इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान होर्टनेट पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसमें किसान को ऑनलाइन आवेदन के बाद ही लाभ मिलेगा। जिले में जो किसान एकल टैंक बनाकर बागवानी की खेती करना चाहता है। वह एक एकड़ से साढ़े 12 एकड़ तक के टैंक का लाभ ले सकता है। इसमें किसान को कुल खर्च का 70 प्रतिशत अनुदान के रुप में दिया जाएगा।-विजय पान्नू जिला बागवानी अधिकारी जींद।