गांव भिड़ताना में ट्रैक्टर पलटने से युवक की दबकर मौत हो गई। युवक माता-पिता की इकलौती संतान था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। गांव भिड़ताना निवासी रिछपाल ने बताया कि उसका 21 वर्षीय बेटा 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद खेती में हाथ बंटाता था। मंगलवार दोपहर डेढ़ बजे वह ट्रैक्टर से धान की रोपाई करवाने के बाद मजदूरों को लेकर गांव की तरफ आ रहा था। जब वह माइनर की पटरी से ट्रैक्टर लेकर आ रहा था तो अचानक ट्रैक्टर का पहिया फिसल गया और ट्रैक्टर खाई में पलट गया। ट्रैक्टर चला रहे उसके बेटे की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। ट्रैक्टर पर बैठे तीन-चार अन्य मजदूरों ने कूदकर जान बचा ली। मौके पर पहुंचे अन्य ग्रामीणों की मदद से बेटे के शव को ट्रैक्टर के नीचे से निकाला गया। पुलिस ने रिछपाल के बयान दर्ज कर पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।