10जेएनडी36-भजनों पर झूमते हुए श्रद्धालुगण। संवाद
सफीदों। श्री श्याम कृपा सेवा समिति के तत्वावधान में पुरानी अनाज मंडी में रविवार रात श्री श्याम वंदना महोत्सव मनाया गया। महोत्सव में बतौर अतिथि सोनीपत लोकसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक सुभाष गांगोली, हरियाणा गौसेवा आयोग के चेयरमैन श्रभ्वण कुमार गर्ग, जेजेपी जिलाध्यक्ष कृष्ण राठी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजू मोर व रामेश्वर दास गुप्ता, मोहित गुप्ता ने शिरकत की। अतिथियों ने ज्योत प्रज्ज्वलन करके समारोह का शुभारंभ किया। समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन में बाबा खाटू श्याम का अलौकिक श्रंृगार व दरबार विशेष दर्शनीय रहा। वहीं श्रद्धालुओं ने अमृतमय भंडारा व छप्पन भोग का प्रसाद ग्रहण किया। इस भव्य आयोजन के पूरी सफीदों नगरी दुल्हन की तरह से सजी हुई थी। महोत्सव में प्रसिद्ध भजन गायिका रेशमी शर्मा (समस्तीपुर), शुभम-रूपम (कोलकाता), शीतल पांडे (दिल्ली) व नरेश मयूजिकल ग्रुप (दिल्ली), नरेश भजनी जींद ने अपनी-अपनी स्वर लहरियां बिखेरकर बाबा श्याम खाटू की महिमा का गुणगान किया। बाबा श्याम महोत्सव में सफीदों ही नहीं बल्कि आसपास के अनेक जिलों के श्रद्ालुओं ने महोत्सव में पहुंचकर बाबा की महिमा गुणगान सुना और भजनों की धून पर जमकर थिरके। महोत्सव में हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के समक्ष माथा टेका और मन्नतें मांगी। श्रद्धालुओं ने लंबी कतारों में लगकर लख दातार की जय, हारे के सहारे की जय और खाटू नरेश की जय जैसे नारों से सफीदों मंडी को गुंजायमान किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि बाबा खाटू श्याम की जीवन कथा की शुरुआत महाभारत से शुरू होती है। खाटू श्याम जी को भगवान श्री कृष्ण के कलियुगी अवतार के रूप में जाना जाता है। राजस्थान के सीकर जिले में बाबा का भव्य मंदिर है। बाबा श्याम सभी भक्तों की मुरादें पूरी करते हैं और उन्हे हारे का सहारा माना जाता है। मन को एकाग्र करके अपने चित्त को प्रभु के चरणों में लगाकर अगर बाबा श्याम कथा को श्रवण किया जाए तो सच्चे अर्थों में इसके फल की प्राप्ति होती है।