जींद। दुकानदार ने महिला के व्हाट्सएप नंबर पर अश्लील वीडियो भेजे और उससे दोस्ती करने की बात कही। जब महिला ने मना किया तो दुकानदार ने धमकी देते हुए गालियां दीं। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने दुकानदार बूटा सिंह के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वह पिल्लूखेड़ा मंडी में गोहाना रोड स्थित देसवाल किराना स्टोर से राशन खरीदती थी। इसको लेकर दुकानदार बूटा सिंह ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। फिर वह मोबाइल फोन पर बात करने लगा। एक दिन उसने उसके व्हाट्सअप नंबर पर गंदे कमेंट भेजे और अश्लील वीडियो भी भेज दी। इस पर उसने एतराज जताया और कहा कि वह आगे इस तरह के कमेंट और वीडियो न भेजे, लेकिन वह नहीं माना। जब उसने एतराज जताया तो दुकानदार ने उसे धमकी देते हुए जातिसूचक गालियां दीं। जांच अधिकारी एएसआई ऊषा ने बताया कि पुलिस ने मामले में दुकानदार बूटा सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।