जींद। शहर में आए दिन सीवरेज के ओवरफ्लो के कारण कालोनियों में होने वाली परेशानी से अब निजात मिलेगी। इसके लिए शहर की राम कालोनी में सीवरेज लाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है। इस काम पर जनस्वास्थ्य विभाग छह करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा। इस राशि से पटियाला चौक क्षेत्र की कई कालोनियों से सीवरेज समस्या को दूर किया जाएगा। इस कार्य का उद्घाटन विधायक डॉ. कृष्ण मिड्डा ने किया।
पटियाला चौक क्षेत्र की कई कालोनियों में सीवेरज के ओवरफ्लो होने से जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। इन कालोनियों में बिना बरसात के भी सीवरेज लाइन आए दिन ओवरफ्लो रहती थी, अगर मामूली भी बरसात होती तो यहां जलभराव से हालात बदतर हो जाती थी। इस समस्या से निजात दिलवाने की मांग को लेकर इन कालोनियों के लोग कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से गुहार लगा चुके थे। लोगों की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जनस्वास्थ्य विभाग ने नई सीवरेज लाइन बिछाने के लिए मुख्यालय से छह करोड़ रुपये का बजट मांगा था। अब इस राशि से अब श्याम नगर कालोनी, रामबीर कालोनी, सोलगर बस्ती में सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया। यह सीवरेज लाइन शहर में अमृत स्कीम के तहत बिछाई जा रही है।
जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता दलबीर सिंह ने बताया कि शहर में सीवरेज की समस्या को समाप्त करने के लिए लगातार काम कर रहा है। जिसके चलते शनिवार को राम कालोनी में सीवरेज लाइन बिछाने का काम शुरू किया है। इसके अलावा शहर की श्याम नगर कालोनी, रामबीर कालोनी, सोलगर बस्ती समेत अन्य कालोनियों में भी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी ताकि कहीं पर भी सीवरेज की समस्या न रहे।