जींद। नागरिक अस्पताल में आयुष्मान कार्डधारक को ओपीडी व दाखिले के लिए अब कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिए नई बिल्डिंग में पर्ची काउंटर के साथ ही अलग से काउंटर बनाया जा रहा है। आयुष्मान कार्डधारक को पूरी जानकारी इस काउंटर पर मिलेगी। इसका यह लाभ भी होगा कि आयुष्मान कार्डधारक का इलाज करने पर अस्पताल को पैसे भी मिलेंगे।
नागरिक अस्पताल में आने वाले लोग कई बार जानकारी नहीं होने के चलते परेशान होते हैं। मरीजों को मुफ्त पर्ची की मिलने वाली सुविधा से भी वंचित रहना पड़ता है। बिना जानकारी के वह पांच रुपये की पर्ची कटवा लेते हैं। पंजीकरण काउंटर पर बैठे कर्मियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि लोगों को बताया जाएगा कि एक वर्ष से कम उम्र के बच्चे, आयुष्मान कार्डधारक, हरियाणा के बीपीएल, एएवाई राशन कार्डधारक, प्रसव पूर्व महिलाओं की 42 दिन बाद तक मुफ्त पर्ची बनती है। राष्ट्रीय कार्यक्रम के लाभार्थी आरबीएसके, डीईआईसी की पर्ची भी फ्री बनती है। घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न उत्तरजीवियों की पर्ची के भी कोई पैसे नहीं लिए जाते।
अब नहीं होगी परेशानी : डॉ. भोला
डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने कहा कि आयुष्मान कार्डधारकाें के लिए अलग से काउंटर बनाया गया है। यहां आयुष्मान कार्डधारकों को हर प्रकार की जानकारी मिलेगी। इससे एक लाभ यह भी होगा कि आयुष्मान कार्डधारकाें को अन्य मरीजों से अलग किया जा सकेगा तथा उनका अलग रिकॉर्ड रखा जा सकेगा। इनका इलाज करके स्वास्थ्य विभाग स्वास्थ्य निदेशालय से पैसे भी क्लेम करेगा, जो स्वास्थ्य सेवाओं को दुरुस्त करने में काम आएंगे।
पात्र लोग आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं : डाॅ. संकल्प
आयुष्मान के नोडल अधिकारी डाॅ. संकल्प डोडा ने बताया कि अस्पताल में आने वाले आयुष्मान कार्डधारक को पर्ची व उपचार के लिए किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए अलग से काउंटर बनवाया गया है। आयुष्मान भारत योजना की अधिक जानकारी के लिए लाभार्थी किसी भी सूचीबद्ध अस्पताल में आयुष्मान मित्र से संपर्क कर सकते हैं या टोल फ्री नंबर 1800-180-2036 पर संपर्क करके प्राप्त कर सकते हैं। आयुष्मान कार्डधारक अस्पताल में कर्मचारियों को अपना आयुष्मान कार्ड जरूर दिखाए और उसके अनुसार ही फ्री रजिस्ट्रेशन करवाएं।
24जेएनडी18 : नागरिक अस्पताल में रजिस्ट्रेशन खिड़की के साथ बनाया जा रहा आयुष्मान कार्डधारकों के