जींद। राजकीय महाविद्यालय में दो दिवसीय 59वीं वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य वीना कुमारी ने किया। दो दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में दौड़, डिस्कस थ्रो, ऊंची कूद व लंबी कूद, शॉर्ट जंप, ट्रिपल जंप, जैवेलिन थ्रो आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान लड़कियों की 800 मीटर दौड़ में सीमा, लड़कों में गौरव ने बाजी मारी है।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को शपथ दिलाई गई कि खेलकूद प्रतियोगिता में सभी नियमों की पालना की जाएगी। सभी खिलाड़ी किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों का सेवन न करते हुए सभी सहज भावना से भाग लें। प्राचार्य वीना कुमारी ने कहा कि खेलकूद, खेल भावना के अनुरूप ही खेलने चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल खेलने से बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास तेजी से होता है और उन्हें इससे बहुत कुछ सीखने को भी मिलता है। खेल खेलने से हर उम्र के लोगों को शारीरिक व मानसिक दोनों प्रकार के फायदे होते हैं। खेलने से उन्हें विभिन्न प्रकार की बीमारियों से बचाया जा सकता है। उप-प्राचार्य डाॅ. श्मशेर सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में कईं लोग अपने जीवन में विभिन्न प्रकार के तनावों का सामना करते हैं। खेल के माध्यम से आप इस प्रकार के तनावों से बाहर निकल सकते है। कार्यक्रम में मंच का संचालन शर्मिला ने किया।
ये रहे परिणाम
800 मीटर लड़कियों की दौड़ में बीए तृतीय वर्ष की सीमा प्रथम, बीए प्रथम वर्ष की निशू द्वितीय तथा बीए तृतीय वर्ष की आशा तृतीय स्थान पर रही। 200 मीटर लड़कियों की दौड़ में बीए तृतीय वर्ष की सीमा प्रथम, बीए तृतीय वर्ष की आशा द्वितीय तथा बीए प्रथम वर्ष की निशू तृतीय स्थान पर रही। लड़कियों की डिस्क थ्रो में बीए तृतीय वर्ष की आशा प्रथम, बीए तृतीय वर्ष की कोमल द्वितीय तथा बीए तृतीय वर्ष की सीमा तृतीय स्थान पर रही। ट्रिपल जंप लड़कियों में बीए तृतीय वर्ष की सीमा प्रथम, बीए तृतीय वर्ष की आशा द्वितीय तथा बीए तृतीय वर्ष की कोमल तृतीय स्थान पर रही। 800 मीटर लड़कों की दौड़ में बीकॉम तृतीय वर्ष का गौरव प्रथम, बीएससी द्वितीय वर्ष का लाहब सिंह द्वितीय तथा बीए प्रथम वर्ष का विनय तृतीय स्थान पर रहा। 200 मीटर लड़कों की दौड़ में बीए प्रथम वर्ष का नीरज प्रथम, बीए प्रथम वर्ष का विजय द्वितीय तथा बीए द्वितीय वर्ष का राहुल तृतीय स्थान पर रहा। लड़कों की डिस्क थ्रो में बीए द्वितीय वर्ष का अमन प्रथम, बीए प्रथम वर्ष का पवन द्वितीय तथा बीए प्रथम वर्ष का साहिल तृतीय स्थान पर रहा।