उचाना। उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी विवेक आर्य ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने में सेक्टर अधिकारियों की अहम भूमिका होती है। उचाना कलां निर्वाचन क्षेत्र के सभी सेक्टर अधिकारी निष्ठा से कार्य करें।
उन्होंने कहा कि उचाना कलां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में कुल 223 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 20 सेक्टर अधिकारी लगाए गए हैं। रिटर्निंग अधिकारी ने कहा कि सेक्टर ऑफिसर्स मतदान तथा मतगणना के समय समस्त कार्यवाहियों में समन्वय करते हैं। सेक्टर अधिकारी अपने सेक्टर के सभी मतदान केंद्रों का भ्रमण करके उनके संबंध में निर्धारित प्रपत्र में रिपोर्ट प्रस्तुत करें। सेक्टर अधिकारी ईवीएम खोलने एवं सीलिंग से लेकर मतगणना प्रक्रिया तक में दक्ष हो जाएं। चुनाव के दौरान पीठासीन अधिकारी के समक्ष किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो वह तुरंत सेक्टर अधिकारी से संपर्क करेगा, इसलिए सेक्टर अधिकारी का अपडेट रहना जरूरी है। संवाद