फोटो 25जेएनडी15-उपमंडल कार्यालय ई-रिक्शा से पहुंचे एसडीएम रमित यादव। स्रोत प्रशासन
उचाना। पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश को लेकर एसडीएम रमित यादव वीरवार को ई-रिक्शा से अपने कार्यालय पहुंचे। पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह से करीब तीन किलोमीटर का सफर उन्होंने अपने स्टाफ के साथ ई-रिक्शा में तय किया। एसडीएम रमित यादव ने कर्मचारियों और आमजन से इलेक्ट्रिक वाहन एवं पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और ईंधन की बचत के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह उनका अस्थाई आवास है और वहां से वह ई-रिक्शा के माध्यम से कार्यालय पहुंचे। रमित यादव ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारी होने के नाते केवल नीतियां बनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन पर स्वयं अमल करना भी जरूरी है। ई-रिक्शा और सार्वजनिक परिवहन अपनाने से जहां ईंधन की बचत होती है, वहीं प्रदूषण भी कम होता है।