संवाद न्यूज एजेेंंसी
नरवाना। एसडीएम अनिल कुमार दून ने वीरवार को अपने कार्यालय में मार्केट कमेटी के अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने धान खरीद और उठान प्रक्रिया का जायजा लिया। धीमी गति से धान के उठान पर आपत्ति जताई।
एसडीएम दून ने बताया कि उपमंडल की सभी छह मंडियों में धान खरीद प्रक्रिया जोरों पर चल रही है और सभी मंडियों में डीएफएससी, हैफेड, एफसीआई और एचडब्ल्यूसी सहित चार एजेंसियों द्वारा इन मंडियों में धान खरीद का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने उठान की धीमी प्रक्रिया पर कड़ा संज्ञान लिया और एतराज जताया। उन्होंने सभी खरीद एजेंसियों को उठान प्रक्रिया में और तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। धीमी उठान प्रक्रिया के कारण प्रतिदिन किसानों को मंडी में नई धान डालने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नई अनाज मंडी मेला ग्राउंड में कल से वन वे का नियम भी लागू किया जाएगा ताकि किसान एक तरफ से अपनी धान ले कर आएंगे और दूसरी तरफ से उठान की प्रक्रिया भी जारी रहे।
उन्होंने सभी खरीद एजेंसियों को उठान प्रक्रिया तेजी से करने के लिए स्पष्ट हिदायत दी। एसडीएम ने कहा कि किसानों की सुविधा सरकार एवं प्रशासन की पहली प्राथमिकता है और इसे सुनिश्चित रखने के लिए सभी कदम उठाए जाने चाहिए। खरीद प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए मार्केट कमेटी, विभागीय अधिकारी, ठेकेदार एवं सभी खरीद एजेंसी निर्धारित सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि मंडी में साफ-सफाई एवं पेयजल की व्यवस्था बराबर रहे। एसडीएम ने बताया कि किसानों की सुविधा के लिए उपमंडल में नरवाना, धमतान साहिब, गढी, धनौरी, खरल तथा मंगलपुर की मंडियों में प्रशासन द्वारा समुचित खरीद प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने किसानों से भी अनुरोध किया कि वह अपनी धान साफ सफाई एवं सुखाकर ही लाएं ताकि खरीद प्रक्रिया के दौरान उन्हें कोई परेशानी ना हो। बैठक में मार्किट कमेटी सचिव पूजा, उमेद सिंह व पवन कुमार मौजूद रहे।