जींद। संतों के नाम से चौक बनवाने की मांग को लेकर एससी समाज एकता मंच का रानी तालाब स्थित बीआर आंबेडकर चौक पर चल रहे धरने को वीरवार को पूरा एक साल हो गया। इसके उपलक्ष्य में वीरवार को धरनास्थल पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सोनीपत जिला के बिटाना डेरा के महंत इतवार नाथ ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की बेअदबी किसी भी तरह सहन नहीं की जाएगी। महापुरुषों का संदेश मानवता की भलाई के लिए होता है। इन्हें जाति, समुदाय के छोटे-छोटे दायरे में बांधना संत की शिक्षाओं के साथ खिलवाड़ होगा। इस अवसर पर कांग्रेसी नेता पवन गर्ग, प्रदीप गिल, वजीर ढांडा, शिव नारायण शर्मा, वृंदा शर्मा ने भी अपने विचार रखे और मंच की मांगों का समर्थन किया। मंच का संचालन करते हुए धर्मपाल सिंहमार ने कहा कि वे अपनी मांगों पर अडिग है। उन्होंने एक साल से ठंड, तूफान और बारिश की परवाह नहीं करते हुए अपनी आवाज को बुलंद रखा है, जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जाता। इसी तरह से धरना जारी रहेगा। रोशनलाल दुग्गल ने कहा कि विधायक ने संत शिरोमणि कबीरदास की प्रतिमा रोहतक रोड चौक के साइड में लगवाकर भारी भूल की है। विधानसभा चुनाव में शहरवासी अभिमानी विधायक को साइड में लगाने का काम करेंगे। कांग्रेसी नेता प्रदीप गिल ने कहा कि प्रशासन ने एससी समुदाय को बरगलाने के लिए चौक के साइड में एक तस्वीर लगाई है लेकिन वो सही नहीं है और उसके चारों तरफ रेलिंग या कोई अन्य व्यवस्था नहीं है। यह प्रशासन की नाकामी है।