जींद। ई टेंडरिंग का निर्णय को वापस लेने की मांग को लेकर जिलेभर के सरपंच बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम आवास का घेराव करेंगे। हैबतपुर गांव के सरपंच रिषीपाल सिहाग ने कहा कि पूरे प्रदेश के सरपंच ई टेंडरिंग, राइट टू रिकॉल समेत अन्य मांगों को लेकर पिछले दो माह के लगभग समय से धरनारत हैं। प्रदेश सरकार इनकी सुनवाई नहीं कर रही। जिसके चलते गांव विकास की अनदेखी का लगातार शिकार होते जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार अपने अडिय़ल रवैये के कारण साजिशन गांव का विकास नहीं करवाना चाहती। जिसके चलते सरपंचों को कार्य करने की केवल दो लाख रुपये तक की अनुमति दी है, सरकार के नुमाइंदे ठेकेदारों के माध्यम से गांव के विकास कार्यों के रुपयों को हड़पना चाहती हैं। सरकार के इन मंसूबों को सरपंच कामयाब नहीं होने देंगे। इसके विरोध में सरपंच बुधवार को चंडीगढ़ में सीएम आवास का घेराव करेंगे। अगर सरकार ने सरपंचों पर कोई तानाशाही का प्रयोग किया तो सरपंच इस सरकार को कड़ा जवाब देने से पीछे नहीं हटेंगे।