सदर थाना में शिकायत लेकर पहुंचे भुसलाना के लोग। संवाद।
- फोटो : Jind
जींद। सफीदों के भुसलाना गांव में चुनावी रंजिश में एक व्यक्ति के साथ मारपीट की। सदर पुलिस ने गांव के पूर्व सरपंच एवं इस बार भी चुनाव में हार गए रणबीर समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। व्यक्ति ने आरोप लगाए कि पूर्व सरपंच रणबीर ने उसके साथ चुनाव में वोट नहीं देने के कारण मारपीट की है।
भुसलाना गांव निवासी हैदर ने सदर थाना सफीदों पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दो नवंबर को पंचायत चुनाव का परिणाम आया था। सरपंच चुनाव में गांव का रणबीर खड़ा था। पिछली योजना में भी रणबीर सरपंच था। हैदर ने कहा कि उसने दूसरे प्रत्याशी को अपनी वोट दी थी। इसको लेकर रणबीर उससे रंजिश रखे हुए था। सरपंच पद के परिणाम में रणबीर चुनाव हार गया। तीन नवंबर को जब वह गली में खड़ा था तो रणबीर, रवि और बृजपाल ने उसके साथ गाली-गलौज की। जब उसने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। आरोप लगाया कि उन्होंने उसके भाई फकरूदीन का भी अपहरण किया था जो कि वह बाद में उनके चंगुल से छुड़ाकर भाग निकला। रणबीर और उसके साथियों ने चुनावी रंजिश को लेकर उसके साथ मारपीट की है। जांच अधिकारी एसआई रोशनलाल ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में रणबीर, रवि और बृजपाल के खिलाफ मारपीट के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।