संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। ढिगाना, कंडेला व खरकरामजी गांव की पंचायत के बाद अब जींद सरपंच एसोसिएशन भी विद्यार्थियों को दिए टैबलेट के विरोध में आ गया है। रविवार को जींद ब्लॉक में 35 गांव आते हैं। सरपंच एसोसिएशन की तरफ से टैबलेट को वापस लेने की मांग को लेकर पत्र भेजा गया है।
जींद सरपंच एसोसिएशन की प्रधान नीलम देवी तथा उपप्रधान नरेश भुक्कल जुलानी ने कहा कि यह टैबलेट बच्चों के लिए घातक साबित हो रहे हैं। टैबलेट बच्चों को पढ़ाई से दूर कर रहे हैं। ऐसे में यह टैबलेट सरकार को वापस लेने चाहिए। बच्चे टैबलेट पर गेम खेलते रहते हैं। कुछ सरपंचों ने बच्चों को आपत्तिजनक सामग्री भी टैब पर देखते हुए पकड़ा है। बीबीपुर के सरपंच सुखबीर सिंह, पांडु पिंडारा के सरपंच कुलदीप, आसन के सरपंच विनोद, निर्जन के सरपंच आजाद ने कहा कि बच्चों से इन टैबलेट को दूर रखा जाए।