जींद। साइबर ठगों ने ऑनलाइन सामान बेचने की नौकरी दिलाने के नाम पर एक महिला से एक लाख 42 हजार रुपये ऐंठ लिए। साइबर अपराध थाना ने मामला दर्ज कर लिया है।
शहर के सेक्टर-9 निवासी लक्ष्मी ने साइबर अपराध थाना को दी शिकायत में बताया कि 28 अक्तूबर को उसके मोबाइल फोन पर एक नंबर से मैसेज आया। उस मैसेज में एक लिंक था। उस लिंक पर क्लिक करने के बाद एक नंबर खुला और उस नंबर पर व्हाट्सएप मैसेज करने पर प्रॉडक्ट सेल करने की ऑनलाइन जांच ऑफर की। फिर उसके पास जॉब करने के लिए ट्यूटर का लिंक भेजा गया। उस लिंक पर क्लिक करने के बाद वह टेलीग्राम खुल गया। उन्होंने एक टास्क दिया और उसमें तीन प्रॉडक्ट सेल करने थे। जॉब के अनुसार उस पर वह दस प्रतिशत कमीशन दे रहा था। एक बार तो 400 रुपये के प्रॉडक्ट सेल करके उसके खाते में रुपये भी डाले। इसके बाद छह टास्क दी जो एक से तीन हजार रुपये की थी। बाद में बढ़ते-बढ़ते 25 से 42 हजार रुपये करवा ली। उसी 6 टास्क के लिए उन्होंने 1.42 हजार रुपये के लगभग पेमेंट पेटीएम के द्वारा कर दी थी। फिर उन्होंने साइट व्यस्त दिखाकर गलत बटन पर क्लिक करने का बहाना बनाया और उन्हें ऑनलाइन सामान बेचने की जॉब देने का लालच देकर उनसे एक लाख 42 हजार रुपये ऐंठ लिए। जांच अधिकारी एसआई हरजिंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी कर राशि ऐंठने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।