उचाना। अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उचाना पुलिस ने मखंड निवासी रोहताश उर्फ तोशा को 48 बोतल देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब और बाइक कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि आरोपी बाइक पर शराब लेकर घर आ रहा है। इसके बाद बनभौरी रोड पर मखंड वाटर सप्लाई के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में बाइक पर रखी चार पेटियों से 48 बोतल देशी शराब बरामद हुई। आरोपी शराब से संबंधित कोई वैध परमिट या लाइसेंस नहीं दिखा सका। थाना प्रभारी राजू संधु ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद