जींद। हरियाणा रोडवेज सांझा मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को नए बस अड्डे पर रोडवेज कर्मियों ने पुरानी पेंशन बहाल करने, अर्जित अवकाश बहाल करने, रोडवेज बेड़े में बसों की संख्या बढ़ाने समेत अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया और धरना दिया। रोडवेजकर्मियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में आरएसओ योगेंद्र आशरी और जीएम स्टेनो डीडी शर्मा के माध्यम से परिवहन मंत्री को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
प्रदेशाध्यक्ष आजाद सिंह गिल व अनूप लाठर, संदीप रंगा, सुदर्शन, जितेंद्र लाठर, अनिल गौतम ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार रोडवेज बेड़े को सिकोडने का काम किया जा रहा है। आए दिन कर्मचारी विरोधी नीतियां अपनाई जा रही हैं। सरकार द्वारा कर्मचारियों के अर्जित अवकाश काटे जाने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाल करने, रोडवेज बेड़े में नई बसें शामिल करने सहित अन्य मांगों को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं, लेकिन उनकी मांगों की तरफ कोई संज्ञान नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार रोडवेज बेड़े में बसों की संख्या को बढाया, ताकि आमजन को परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सके। 2016 के चालकों को नियुक्ति तिथि से पक्का किया जाए। पुरानी पेंशन नीति को बहाल किया जाए। 1992 से 2002 के बीच लगे कर्मचारियों को पक्का किया जाए। परिचालक व क्लर्क का पे ग्रेड बढ़ाया जाए। कर्मशाला के कर्मचारियों को तकनीकी पे ग्रेड दिया जाए व कर्मशाला में नई भर्ती की जाए। उन्होंने बताया कि मांगे नहीं माने जाने पर 12 मार्च को फरीदाबाद में परिवहन मंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। बाद में रोडवेज कर्मियों ने मांगों को लेकर आरएसओ योगेंद्र आशरी व जीएम स्टेनो डीडी शर्मा के माध्यम से परिवहन मंत्री को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।