संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। दर्शनीय स्थल पर घूमने जाने वाले यात्रियों की सहूलियत के लिए डिपो प्रबंधन सोमवार से देहरादून के लिए रोडवेज बस सेवा शुरू करेगा। यह बस कोरोना काल से बंद थी। अब यह बस प्रतिदिन सुबह पांच बजे जींद से रवाना होगी और साढ़े 11 बजे देहरादून पहुंचेगी। फिर यह बस देहरादून से दोपहर एक बजे चलेगी। जींद से देहरादून की दूरी लगभग 280 किलोमीटर है। इसका किराया 330 रुपये से अधिक रहेगा। देहरादून के लिए बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी सहूलियत होगी।
यह बस सेवा शुरू होने से उत्तराखंड के दर्शनीय स्थलों पर जाने के लिए यात्रियों को बसों की अदला-बदली नहीं करनी पड़ेगी। अब यात्रियों को जींद से ही देहरादून जाने के लिए सीधी रोडवेज सेवा मुहैया होगी। हालांकि अभी भी अमृतसर और ऋषिकेश रूट की सेवा कोरोना काल से ही बंद पड़ी है। इन रूटों पर रोडवेज सेवा बहाल की दरकार है। देहरादून तक बस चलने से यात्रियों को काफी फायदा मिलेगा वहीं रोडवेज प्रबंधन को भी इस रूट से काफी आमदनी होगी। पानीपत, शामली और सहारनपुर जाने वाले यात्रियों को सीधी बस सेवा मिलेगी, क्योंकि यह बस जींद से पानीपत, उत्तरप्रदेश के शामली, सहारनपुर होते हुए देहरादून पहुचेगी, जिससे यात्रियों को देहरादून तक बस बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। रोडवेज प्रबंधन ने यह बस चलाने के लिए पूरी तैयारियां कर ली हैं। डिपो ने शामली और लखनऊ कागजात भेजकर इस रूट का परमिट भी ले लिया है।
बॉक्स
तीन साल बाद दोबारा शुरू हुई बस सेवा
कोरोना काल से पहले रोडवेज डिपो बस देहरादून तक आवागमन करती थी। इस बस में काफी यात्री देहरादून के अलावा उत्तरप्रदेश के अन्य जिलों में भी जाते थे, जिससे यात्रियों को आने-जाने में कोई परेशानी नहीं होती थी, लेकिन वर्ष 2020 में आए कोरोना संक्रमण के कारण इस रूट पर चलने वाली रोडवेज बस को बंद करना पड़ा था, जिससे इस रूट पर तीन साल से रोडवेज बस सेवा बंद पड़ी थी। इसको लेकर रोडवेज प्रबंधन ने कई बार रोडवेज बस सेवा शुरू करने के प्रयास भी किए, लेकिन प्रबंधन के प्रयास सिरे नहीं चढ़ पाए थे। अब महाप्रबंधक कमलजीत सिंह के प्रयासों से इस रूट पर दोबारा फिर रोडवेज बस सेवा शुरू होगी, जिसका जींद के लोगों को काफी फायदा होगा।
बॉक्स
अमृतसर और ऋषिकेश रूट पर भी बहाल हो सेवा
कोरोना काल से अमृतसर और ऋषिकेश रूट की रोडवेज सेवा बंद पड़ी है। हालांकि इन रूटों की सेवा बहाल करने की यात्री कई बार मांग उठा चुके हैं, लेकिन डिपो इन रूटों पर रोडवेज सेवा बहाल नहीं कर पाया है। रोडवेज डिपो की अमृतसर केवल एक ही बस जाती थी जो कि जींद के श्रद्धालु अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर गुरुद्वारा के दर्शन करने जाते थे। उनको जींद से ही रोडवेज सेवा मुहैया हो जाती थी, लेकिन अब श्रद्धालुओं को अमृतसर जाने के लिए काफी परेशानी उठानी पड़ती है। श्रद्धालुओं की मांग है कि अमृतसर रूट को भी जल्द बहाल किया जाए। कोरोना काल के बाद मथुरा, सालासर, श्रीगंगानगर, जयपुर जैसे लंबे रूट बहाल हो चुके हैं, जिन पर प्रतिदिन बसें दौड़ रही हैं।
वर्जन
तीन साल से बंद पड़ी देहरादून रूट की बस सेवा को सोमवार से शुरू किया जाएगा। इस बस को चलाने की सभी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस बस की समय सारिणी भी तैयार कर ली गई है। पांच बजे जींद से ऋषिकेश के लिए बस रवाना होगी। इससे यात्रियों को काफी फायदा होगा। रोडवेज का प्रयास है कि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा दी जा सके।-कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद