संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। निडानी अड्डे पर छात्रों के बीच हुए झगड़े में बस के शीशे टूटने के मामले में ग्रामीणों और रोडवेज कर्मचारियों के बीच सुलह हो गई है। अब रोडवेज ने ढिगाना के लिए दोपहर ढाई बजे वाली बस फिर से शुरू कर दी है। इससे छात्र-छात्राओं को घर पहुंचने में आसानी रहेगी, क्योंकि दोपहर दो बजे के आसपास स्कूल, कालेजों व अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की छुट्टी होती है।
अब विद्यार्थी ढाई बजे बस पकड़कर समय से घर जा सकेंगे। 10 दिन पहले निडानी गांव के अड्डे पर विद्यार्थियों के आपसी झगड़े में बस के शीशे टूटे गए थे। चालक सुनील व परिचालक कर्मवीर दोपहर ढाई बजे विद्यार्थियों को लेकर जींद से ढिगाना के लिए बस लेकर चले थे। सिंधवीखेड़ा से होते हुए जैसे ही बस निडानी अड्डे पर पहुंची तो वहां विद्यार्थियों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। विद्यार्थियों के झगड़े में बस के शीशे टूट गए थे। इसके चलते दोपहर को जींद से ढिगाना जाने वाली बस बंद कर दी गई थी।
एक महीना पहले ही पंचायत के आग्रह पर रोडवेज अधिकारियों ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए दोपहर ढाई बजे जींद से ढिगाना के लिए बस शुरू की थी। सुबह सात बजकर 20 मिनट पर जुलाना से वाया ढिगाना होकर जींद बस आती है। इस बस में गांव के विद्यार्थी पढ़ाई करने व अन्य यात्री नौकरी करने जींद आते हैं।
सुबह शहर आने के बाद इस बस को जुलाना-रोहतक रूट पर भेज दिया जाता है। इसके बाद शाम को पांच बजे जींद से ढिगाना के लिए बस जाती थी, जबकि विद्यार्थियों की छुट्टी दोपहर दो बजे के आसपास हो जाती थी। ऐसे में विद्यार्थियों को या तो शाम को पांच बजे तक बस का इंतजार करना पड़ता था या फिर अन्य निजी वाहनों में लिफ्ट लेकर जाना पड़ता था।
विद्यार्थियों की समस्या को देखते हुए ग्रामीणों ने रोडवेज अधिकारियों को दोपहर ढाई बजे के आसपास जींद से ढिगाना के लिए बस चलाने की मांग की थी। ग्रामीणों की मांग पर एक महीना पहले ही रोडवेज ने दोपहर ढाई जींद से ढिगाना के लिए बस चलाई थी।
10 दिन पहले निडानी बस स्टैंड पर विद्यार्थियों का किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसमें बस के शीशे टूट गए थे, जिसके बाद दोपहर ढाई बजे ढिगाना जाने वाली बस बंद कर दी गई थी। अब ग्रामीणों व चालक-परिचालक के बीच सुलह हो गई है और बस सेवा फिर से शुरू कर दी है।
-कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद।