जींद। रेलवे जंक्शन की बिल्डिंग के नवीनीकरण का कार्य अंतिम चरण में है। पहले फेज में जंक्शन भवन, अधिकारियों के कार्यालय और यात्रियों की सुविधा के लिए कार्य होने थे। अब फ्यूचर बिल्डिंग, शेड, फुट ओवरब्रिज का निर्माण, स्टोर समेत अन्य कार्य दूसरे फेज में किए जाएंगे। जंक्शन के नवीनीकरण पर लगभग 25.50 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
रेलवे जंक्शन भवन की डेडलाइन अप्रैल दी गई थी, लेकिन अभी बिल्डिंग का निर्माण पूरा होने में समय लगेगा। जंक्शन का नया भवन शानदार और बहुत सी सुविधाओं से लैस होगा। जंक्शन पर 12 मीटर चौड़े फुट ओवरब्रिज का निर्माण होगा। साथ ही प्लेटफॉर्म पर छह स्वचालित सीढि़यां और चार लिफ्ट लगाई जाएंगी। इससे वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग और अन्य यात्रियों को सामान के साथ चढ़ने-उतरने में दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। फुट ओवरब्रिज स्टील गार्डर से तैयार होगा। जंक्शन पर बाहरी भाग का सुंदरीकरण होगा। साथ ही कैफेटेरिया, एक जंक्शन एक उत्पाद वाला स्टॉल, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग का विकास, सर्कुलेटिंग एरिया में यातायात की सुगम आवाजाही के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार बनेंगे। अतिरिक्त प्लेटफार्म शेल्टर का विकास, जल बूथ, मोनो रंग के डिस्पले बोर्ड, जीपीएस आधारित प्लेटफार्म घड़ी लगेगी। साथ ही एग्जीक्यूटिव, आरक्षित लाउंज होंगे। वीआईपी कक्ष में एलईडी टेलीविजन लगेगा। यात्री उद्घोषणा प्रणाली को बेहतर करने के साथ ही मुफ्त वाई-फाई की सुविधा भी यात्रियों को मिलेगी।
प्लेटफार्म और शेड के निर्माण पर खर्च हो रहे आठ करोड़ रुपये
जंक्शन के चारों प्लेटफार्मों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। प्लेटफार्म और शेड के निर्माण पर लगभग आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। प्लेटफार्म को ऊंचा उठाया जा रहा है। फिलहाल चारों प्लेटफार्मों पर चार शेड बने हुए थे, लेकिन वे काफी जर्जर हो चुके हैं। उनकी छत कंडम हो चुकी है। प्लेटफार्म-4 पर ही बने शेड के नीचे ही यात्रियों को बैठना पड़ रहा था, लेकिन प्लेटफार्म नंबर एक और तीन पर यात्री पेड़ों के नीचे खड़े होकर ट्रेन का इंतजार करते थे। अब नया शेड और पुरानों का जीर्णोद्धार होने से यात्रियों को बैठने के लिए बेहतर सुविधा मिल जाएगी।
शानदार और सुविधाओं से लैस होगा जंक्शन
जंक्शन के नए भवन में यात्रियों को पार्क के साथ पार्किंग की भी सुविधा मिलेगी। नए भवन के पास करीब 50 फीट ऊंचा तिरंगा भी लगाया जाएगा। भवन से बाहर निकलते ही पॉर्च बनाया जाएगा, जहां तक यात्री अपनी कार भी ले जा सकेगा। भवन से बाहर निकलते ही सामने शानदार पार्क होगा। नया भवन बनने के बाद यात्रियों के लिए परिसर में बड़ा वेटिंंग हॉल बनेगा। इसके अलावा रिफ्रेशमेंट रूम और कर्मचारियों को आराम करने के लिए भी कमरों का निर्माण होगा। धूप और बारिश से बचने के लिए यात्रियों को शेड की सुविधा भी मिलेगी।
अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जींद जंक्शन की बिल्डिंग के नवीनीकरण कार्य अंतिम चरण में है। यह भवन सुविधाओं से लैस होगा। बिल्डिंग पर 7.23 समेत 25.50 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। -संदीप मक्कड़, कनिष्ठ अभियंता, रेलवे जंक्शन, जींद।
14जेएनडी01-रेलवे जंक्शन पर नए भवन का चल रहा निर्माण कार्य। संवाद