जींद। कलेक्टर रेट 2023 निर्धारित करने के लिए नई प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जिसके तहत सभी स्थानों का सर्वे कर कलेक्ट्रेट का ड्राफ्ट जारी किया जाएगा और उस पर ऑनलाइन आपत्तियां एवं दावे आमंत्रित किए जाएंगे।
डीसी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा कलेक्टर रेट निर्धारण को लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं, जिनके अनुसार वर्ष 2023 के कलेक्टर रेट का निर्धारण नई प्रक्रिया के तहत किया जाएगा। निर्देशों के अनुसार तहसील स्तरीय कमेटी मार्केट रेट का सर्वे करेगी और उसके बाद कलेक्टर रेट का ड्राफ्ट जारी किया जाएगा। इस ड्राफ्ट पर दावे व आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए पोर्टल की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। जिला में सर्वे के कार्य के लिए संबंधित एसडीएम को तहसील स्तरीय कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है और संबंधित तहसीलदार व नायब तहसीलदार, बीडीपीओ और नगर पालिका एवं नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी व सचिव को कमेटी का सदस्य मनोनीत किया गया है।
उन्होंने बताया कि पोर्टल की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए डीआईओ को जिम्मेदारी सौंपी गई है जो 10 दिसंबर तक इस कार्य को पूरा करेंगे। तहसील स्तरीय कमेटी क्षेत्र की सभी कॉलोनी व स्थानों का दौरा कर मार्केट रेट का सर्वे करेंगी और आम लोगों से भी इस बारे में रायशुमारी ली जाएगी। कमेटी सुनिश्चित करेगी कि पिछले 12 महीनों के दौरान जमीन की रजिस्ट्री के रेटों को अपनी रिपोर्ट में रखा जाए। कमेटी के अध्यक्ष संबंधित एसडीएम अपनी रिपोर्ट एडीसी को सौंपेंगे और उसके बाद एडीसी जिला की सभी तहसीलों के कलेक्ट्रेट रेट को प्रस्तावित करेंगे। डीसी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि 10 दिसंबर तक कलेक्टर रेट को लेकर कोई भी व्यक्ति एनआईसी की वेबसाइट एनआईसीडाटजीओवीडाटइन पर अपने दावे व आपत्तियां दर्ज करवा सकते हैं। एक जनवरी 2023 को कलेक्टर रेट की सूची जारी कर दी जाएगी।