फोटो 8 नरवाना। स्कूल में एसएमसी बैठक करते हुए प्रधानाचार्य बलजीत सिंह गोयत। स्रोत संस्थान।
नरवाना। राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय, बेलरखा में शनिवार को विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्यालय के विकास, शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और आगामी गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। प्रधानाचार्य बलजीत गोयत ने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 19 जुलाई को दोपहर एक बजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विद्यालय प्रबंधन समितियों के साथ ‘सीधा संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से जुड़ेंगे। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों से कार्यक्रम में समय पर पहुंचकर सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। अध्यापक प्रदीप जागलान ने बताया कि बैठक में समिति की जिम्मेदारियों, विद्यालय के विकास कार्यों और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार को लेकर विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन समिति अभिभावकों और विद्यालय के बीच मजबूत कड़ी का कार्य करती है। बैठक में एसएमसी प्रधान बलिंद्र शर्मा, उपप्रधान विक्रम, शिक्षक प्रतिनिधि राकेश कुमार, शिक्षाविद् अजमेर सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।