जींद। शहर के रोहतक रोड पर बने मलिक पेट्रोल पंप का मैनेजर 14 लोगों से उधार पर डलवाए तेल की राशि 9 लाख 95 हजार 33 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। शहर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सैक्टर-7 निवासी ईश्वर सिंह ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रोहतक रोड पर मलिक पेट्रोल पंप का पार्टनर है। उनके पंप पर वर्ष 2019 से भिवानी रोड स्थित बुढ़ा बाबा बस्ती निवासी कपिल मैनेजर के तौर पर कार्य करता था। उसके पंप पर व्यापारी, आढ़ती, फैक्टरी और गाड़ी वाले उधार पर तेल डलवाकर ले जाते थे, जिनका खातों में पूरा हिसाब था। उनके दूसरे मैनेजर को पता चला कि कपिल ने कुछ व्यापारी, आढ़ती, फैक्टरी और गाड़ी वालों से तेल उधार के रुपये लेकर खाते में जमा न करके राशि लेकर फरार हो गया। उसने शहर के 14 लोगों से कुल 9 लाख 95 हजार 33 रुपये लिए थे। इस बारे दूसरे मैनेजर ने कपिल से बात की तो उसने कहा कि वह आधी राशि अब लौटा देगा और बाकी बाद में दे देगा।
जांच अधिकारी एएसआई ओमप्रकाश ने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।