अस्थायी स्कूलों की मान्यता बढ़वाने के लिए स्कूल संचालक दो नवंबर को प्रदेश में विधायकों को ज्ञापन देंगे। इसको लेकर हरियाणा प्राइवेट स्कूल संघ की मीटिंग शुक्रवार को हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित कैंब्रिज स्कूल में हुई। मीटिंग में प्रदेश के स्कूल संचालकों ने शिरकत की। मीटिंग में संघ के प्रदेशाध्यक्ष सत्यवान कुंडू ने कहा कि अस्थायी मान्यता प्राप्त स्कूल बच्चों को सस्ती शिक्षा दे रहे हैं। ऐसे में इन पर नियम अधिक सख्त नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि अस्थायी स्कूलों की मान्यता हर साल एक वर्ष के लिए बढ़ाई जाती है, लेकिन इस बार यह नहीं बढ़ी है। इससे स्कूल संचालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। इसको लेकर शनिवार को प्रदेश भर में विधायकों को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान नियमों में ढील देकर ऐसे स्कूलों को नियमित करने की मांग भी की जाएगी।