जींद। रक्षाबंधन पर अपने भाईयों को राखी बांधने के लिए जाने वाली बहनों को रोडवेज और निजी बसें निशुल्क सफर कराएंगी। बहनें मंगलवार दोपहर 12 बजे से रोडवेज बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगी। महिला 15 साल तक का बेटा या बेटी के साथ बसों में निशुल्क सफर कर सकती है। यह निशुल्क सेवा 30 अगस्त रात 12 बजे तक रहेगी। इसको लेकर रोडवेज डिपो ने योजना तैयार कर ली है। डिपो ने 15 रोडवेज बसों को स्पेशल तौर पर आरक्षित रख लिया है।
रक्षाबंधन त्योहार को लेकर होने वाली बसों में भीड़ को देखते हुए सभी चालक-परिचालकों की छुट्टी रद्द कर दी है वहीं रक्षाबंधन के दिन चालक-परिचालकों की संख्या कम न पड़ जाए। इसको लेकर चालक-परिचालकों को भी स्पेयर के तौर पर तैनात किया गया है। बस अड्डे के किसी भी बूथ पर महिलाओं की भीड़ दिखाई दी, उसी बूथ पर बस लगाकर रवाना कर दिया जाएगा। रक्षाबंधन के दिन किसी भी महिला को आवागमन में कोई परेशानी न आए। इसको लेकर डिपो प्रबंधन ने सभी इंतजाम पूरे कर लिए हैं।
30 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा। इसको लेकर प्रदेश सरकार ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बहनों को हर साल की तरह इस बार भी निशुल्क सफर करवाएगा। रोडवेज की यही प्राथमिकता है कि रक्षाबंधन पर महिलाओं को ज्यादा से ज्यादा सुविधा मुहैया हो और उनका सफर सुविधाजनक हो। इसी के मध्यनजर डिपो प्रबंधन ने लोकल रूटों पर ज्यादा से ज्यादा बसें चलाने का फैसला लिया है। रोडवेज प्रबंधन पानीपत, कैथल, हिसार, बरवाला, गोहाना, रोहतक, हांसी, नरवाना जैसे लोकल रूटों पर स्पेशल बस चलाएगा। इन रूटों पर चलाने के लिए बसों को भी निर्धारित कर दिया है।
लोकल रूटों पर रहेगी मारामारी
रक्षाबंधन के दिन लंबे रूटों की बजाय लोकल रूटों पर महिलाओं की भीड़ जुटेंगी। इसको लेकर रोडवेज भी लोकल रूटों पर अपनी सेवा बढ़ाएगी। रोडवेज के अनुसार जींद से जाने वाले हर लोकल रूट पर मारामारी रहने की उम्मीद है। इसको लेकर डिपो प्रबंधन रोडवेज बसों को ज्यादातर लोकल रूटों पर ही उतारेगा। वहीं निजी बसें भी अपने-अपने रूटों पर बहनों को निशुल्क सफर मुहैया करवाएंगी। निजी बसें भी अपने-अपने समय पर बस अड्डे से रवाना होंगी।
वर्जन
रक्षाबंधन के पर्व पर सरकार के आदेशानुसार सभी निजी बसों को चलाया जाएगा। इस पर्व पर बहनों को और 15 साल तक के बच्चे को निशुल्क यात्रा करवाई जाएगी। सभी निजी बसें अपने-अपने समयानुसार चलेंगी।
दलबीर मोर, प्रदेशाध्यक्ष, ट्रांसपोर्ट सोसायटी बस वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा
वर्जन
मंगलवार दोपहर 12 बजे से रोडवेज बसों में महिलाओं को निशुल्क सफर करवाया जाएगा। रक्षाबंधन पर्व पर 15 स्पेशल बसें आरक्षित रखी है वहीं चालक-परिचालकों की भी छुट्टी रद्द कर दी है। सफर के दौरान महिलाओं को परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
कमलजीत सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो जींद