जींद। रेलवे स्टेशन जींद का नवीनीकरण अमृत भारत योजना के तहत किया जाएगा। इसको लेकर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए जींद जंक्शन के नवीनीकरण का शिलान्यास किया। इसके नवीनीकरण पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस कार्यक्रम में विधायक डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत की। उन्होंने कहा कि विकास में रेलवे की भूमिका अहम होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए से बटन दबाकर जींद जंक्शन का शिलान्यास किया और लोगों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि नए भवन के सामने करीब 50 फुट ऊंचा तिरंगा भी लगाया जाएगा। जींद जंक्शन के नए भवन में यात्रियों की मांगों को देखते हुए काफी सुविधाएं दी गई हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार जंक्शन के भवन की लंबाई 30 मीटर से ज्यादा होगी। भवन से बाहर पोर्च बनाया जाएगा, जहां तक यात्री अपनी कार भी ले जा सकेंगे। उसके दाएं तरफ पार्किंग की व्यवस्था होगी। भवन के बाहर शानदार पार्क होगा। नए भवन का निर्माण जल्द ही शुरू होने वाला है। रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण में पार्किंग और पार्क, कैंटीन, एसी वेटिंग हाल सब सुविधा होगी। स्टेशन परिसर में यात्रियों को पार्क के साथ पार्किंग की भी सुविधा मिलेगी। रेलवे के अधिकारियों ने जंक्शन के नए भवन की डिजाइन तैयार की है।
रेलवे जंक्शन का नया भवन बनने के बाद यात्रियों के लिए परिसर में बड़ा प्रतीक्षालय बनेगा, जिसमें यात्री ट्रेनों के विलंब होने पर आराम कर सकेंगे। इसके अलावा धूप और बारिश से बचने के लिए यात्रियों को शेड की सुविधा भी मिलेगी। जंक्शन के भवन से लगते स्टॉल भी खोले जाएंगे। नवीनीकरण का कार्य छह महीने में पूरा करना होगा। यह कार्य केंद्र सरकार की अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जाएगा। जंक्शन के नवीनीकरण के बाद यात्रियों को काफी सुविधाएं मिलेंगी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी गईं। उन्हें विधायक एवं डीसी डॉ. मनोज कुमार द्वारा सम्मानित भी किया। इस अवसर पर नगरायुक्त सुरेंद्र बैनिवाल, एसपी कुलदीप सिंह, अनुराग जोशी, अनुराग यादव, सहायक मंडल अभियंता श्याम सिंह ठाकुर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजू मोर, जिला महामंत्री डॉ. राज सैनी, सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र कौशिक, पूर्व जिला अध्यक्ष अमरपाल राणा, जवाहर सैनी, कर्मबीर सैनी मौजूद रहे।
बॉक्स
मेरी माटी मेरा देश अभियान का किया आगाज
डीसी डॉ. मनोज कुमार ने कहा कि आजादी का अमृत महोत्सव के समापन समारोह के दौरान मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तत्वावधान में मिट्टी को नमन-वीरों का वंदन 9 से 15 अगस्त तक राष्ट्र प्रेम को समर्पित रहेगा। साथ ही 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान भी देशभक्ति से सराबोर हो जिलावासी भागीदार बनेंगे। जिला के ग्रामीण व शहरी निकाय क्षेत्रों में अभियान के दौरान विशेषकर पांच कार्यक्रम पर फोकस रहेगा, जिनमें हर गांव से मिट्टी यात्रा शुरू की जाएगी। वहीं गांवों एवं शहरों में अमृत वाटिका, वसुधा वंदन, वीरों का वंदन कार्यक्रमों के अलावा गौरव पट्टिका बनाई जाएंगी जिन पर वीरगति को प्राप्त हुए वीर सैनिकों व ब्रेव हार्ट के नाम लिखे जाएंगे। कलश में आई मिट्टी और पौधों से राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के समीप अमृत वाटिका का निर्माण किया जाएगा। यात्रा में गांवों से कलश में मिट्टी ली जाएगी। इसके बाद उस मिट्टी को ब्लॉक स्तर पर लाया जाएगा। पुलिस विभाग द्वारा सेल्फी प्वाइंट बनाए जाएंगे। ग्रामीण, शहरी स्थानीय निकाय कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, शिक्षकों को कर्मचारियों को पांच प्रण दिलाए जाएंगे।